Thursday, 17 September 2026 LIVE DB Breakings — खबर सबसे पहले
मोतिहारी और बिहार की ताजा खबरें
BREAKING

वैदिक मंत्रोच्चार और राष्ट्र निर्माण के संदेश से गूंजा आर्य समाज परिसर

3 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें

शताब्दी समारोह के दूसरे दिन हुआ भव्य देव यज्ञ, विभिन्न स्थानों से पहुंचे आर्य समाज के प्रतिनिधि

मोतिहारी: आर्य समाज मोतिहारी के शताब्दी समारोह 2026 के दूसरे दिन शनिवार को आर्य समाज मंदिर परिसर में भव्य देव यज्ञ का आयोजन किया गया। सुबह आठ बजे दिल्ली से पहुंचे वैदिक विद्वान डॉ. ओमव्रत शास्त्री के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ का शुभारंभ हुआ। इस दौरान जीविका आर्या, नैन्सी आर्या, आराध्या आर्या, अपर्णा आर्या, शालिनी आर्या सहित अन्य कन्याओं ने सस्वर वेदपाठ किया। उनके शुद्ध एवं मधुर वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर राष्ट्र, समाज एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना की।

यज्ञ वैदिक जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण आधार

डॉ. ओमव्रत शास्त्री ने यज्ञ के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यज्ञ केवल धार्मिक कर्मकांड नहीं, बल्कि वैदिक जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण आधार है। इसका संबंध व्यक्ति के दैनिक जीवन के साथ-साथ सामाजिक जीवन से भी है। यज्ञ और वैदिक संस्कार जीवन का हिस्सा बनेंगे तभी राष्ट्र निर्माण में प्रभावी योगदान संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व पर्यावरण प्रदूषण से उत्पन्न संकटों का सामना कर रहा है। ऐसे में यज्ञ का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।

भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण

इस अवसर पर सहारनपुर से पहुंचीं भजनोपदेशिका आचार्या संगीता आर्या ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। उन्होंने भजनों के माध्यम से लोगों को ईश्वर से जुड़ने और श्रेष्ठ जीवन जीने का संदेश दिया। वहीं सहारनपुर से पहुंचे भजनोपदेशक आचार्य प्रताप वैदिक ने ओजपूर्ण भजनों के माध्यम से महर्षि दयानंद सरस्वती के विचारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वैदिक विचारधारा समाज में जागृति और राष्ट्र में नवचेतना का आधार बन सकती है।

कई स्थानों से पहुंचे आर्य समाज के प्रतिनिधि

शताब्दी समारोह में मोतिहारी के अलावा ढाका, घोड़ासहन, नरकटियागंज, लौरिया और नेपाल से आर्य समाज के कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु पहुंचे। स्वर्गीय जगत नारायण आर्य के नाती मुखिया सुभाष कुमार आर्य सहित श्री आर्य, डॉ. कमलेश आर्य, उपेंद्र कुमार आर्य, अमर कुमार, अनीता देवी आर्या, रंजना देवी आर्या, प्रतिभा देवी आर्या, मीरा देवी आर्या, सुशीला देवी आर्या सहित अन्य उपस्थित रहे। ढाका से सुबोध बिहारी आर्य, नेपाल से अनिल आर्य और घोड़ासहन से प्रेमचंद आर्य सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्य यजमान के रूप में शामिल हुए शंभू शिवानी आर्य

देव यज्ञ में मुख्य यजमान के रूप में आर्य समाज लौरिया के शंभू शिवानी आर्य पत्नी स्वास्ति आर्या के साथ उपस्थित रहे। द्वितीय यजमान के रूप में आर्य समाज नरकटियागंज के मंत्री राजेश कुमार ने पत्नी के साथ सहभागिता की। आर्य समाज मोतिहारी की पूर्व मंत्री डॉ. मनीषा प्रसाद आर्या भी यजमान के रूप में शामिल हुईं।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु रहे मौजूद

कार्यक्रम में आर्य समाज मोतिहारी के प्रधान धर्मवर्धन प्रसाद आर्य, मंत्री देवेशचन्द्र आर्य, कोषाध्यक्ष राकेश कुमार आर्य, उपप्रधान विनोद कुमार आर्य, उपप्रधान राजवल्लभ प्रसाद आर्य, जिला सभा के प्रधान महंथ प्रसाद आर्य, पुरोहित अवधेश आर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। वैदिक मंगलकामना और यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ प्रातःकालीन सत्र का समापन हुआ।

About The Author

Advertisement
Helioxen technologies
Enable Notifications OK No thanks