विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची महिला भी बनी हमले का शिकार, पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा
मोतिहारी/पताही : पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव में सड़क पर भैंस बांधने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। बुधवार देर शाम हुई मारपीट के दौरान चाकू से किए गए हमले में देवर और भाभी की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि जिहुली गांव के वार्ड संख्या 11 निवासी जमी अहमद (39) बुधवार की शाम सड़क किनारे अपनी भैंस बांध रहा था। इसी दौरान ग्रामीण संजय सिंह ने सड़क पर भैंस बांधने का विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई। कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
इसी दौरान जमी अहमद के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर उसकी भाभी मनिना खातून वहां पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। आरोप है कि इसी दौरान चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में मनिना खातून के सीने और जमी अहमद की गर्दन पर गंभीर चोट लगी। दोनों लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों ने तोड़ा दम
घटना के बाद स्थानीय लोगों और स्वजन ने दोनों घायलों को तत्काल पताही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। इसके बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई
- जिहुली गांव के वार्ड 11 में हुई घटना
- चाकू से हमले में दो लोगों की मौत
- पताही पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया
- घटना के कारणों और हमले में प्रयुक्त हथियार की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पताही थानाध्यक्ष बवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मामले में कार्रवाई शुरू की। थानाध्यक्ष के अनुसार, घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक जमी अहमद के पुत्र मोहम्मद वशीर ने आरोप लगाया कि उनके पिता और चाची की चाकू मारकर हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।

