– वयस्कों की मित्रता या निजी संबंधों में दखल अपराध, पुलिस ने जारी किया जागरूकता पोस्टर
मोतिहारी। जिले में ‘मोरल पुलिसिंग’ के नाम पर कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ मोतिहारी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर जारी जागरूकता संदेश में साफ कहा गया है कि किसी व्यक्ति को वयस्कों की मित्रता, उनके साथ घूमने या उनके निजी संबंधों में हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का काम है, आम लोगों को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
मोतिहारी पुलिस की ओर से जारी पोस्टर में ‘मोरल पुलिसिंग कानून हाथ में लेना अपराध है’ शीर्षक के साथ ऐसे कई कृत्यों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें कानून के दायरे में अपराध माना जा सकता है।
दोस्ती से लेकर कपड़ों तक पर टिप्पणी पर चेतावनी
पुलिस के संदेश के अनुसार वयस्कों की मित्रता या उनके साथ घूमने का विरोध करना, वयस्कों के निजी संबंधों में हस्तक्षेप करना, उनके कपड़े, मित्रता या जीवनशैली पर टिप्पणी कर परेशान करना पुलिस की नजर में स्वीकार्य नहीं है।
इसके अलावा किसी को जबरदस्ती रोकना, ले जाना, धमकाना, गाली देना या सार्वजनिक रूप से अपमानित करना भी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है।
‘कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व’
पोस्टर में पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का दायित्व है। किसी व्यक्ति या समूह को किसी को ‘मोरल पुलिसिंग’ करने अथवा कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
पुलिस ने ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की बात कही है। पोस्टर में गलत तरीके से रोकने या बंधक बनाने, धमकी देने, मारपीट या हमला करने, महिला से छेड़छाड़ या उत्पीड़न, पीछा करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने जैसे कृत्यों का उल्लेख किया गया है।
आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने या वायरल करने पर भी कार्रवाई
मोतिहारी पुलिस ने आपत्तिजनक वीडियो या तस्वीर बनाने अथवा उसे वायरल करने को लेकर भी चेतावनी दी है। पोस्टर में बताया गया है कि ऐसे मामलों में भारतीय न्याय संहिता के साथ-साथ POCSO, BNS, JJ Act और IT Act जैसी कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी गतिविधि में वास्तव में कोई अपराध हो रहा है तो खुद कार्रवाई करने के बजाय पुलिस को सूचना दें। पोस्टर में आपात स्थिति में डायल-112 या नजदीकी थाना से संपर्क करने की अपील की गई है।
एसपी स्वर्ण प्रभात का स्पष्ट संदेश
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा है कि “मोरल पुलिसिंग करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। बच्चियों व महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

