मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-बिक्री के विवाद में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या किए जाने की आशंका है। गुरुवार की सुबह मैठी चौक के समीप एनएच-27 किनारे झाड़ी में उनका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिले हैं।
मृतक की पहचान मैठी गांव निवासी शिवचरण राय के 55 वर्षीय पुत्र कमलेश राय के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में भी चीख-पुकार मच गई।
मृतक के भाई विमलेश राय ने बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे कमलेश राय एक ट्रक को टोल मुक्त कराने के सिलसिले में टोल प्लाजा गए थे। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला। परिजन पूरी रात उनकी तलाश करते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार सुबह घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर एनएच-27 किनारे झाड़ी में उनका शव मिला। शव देखते ही परिवार के सदस्यों में कोहराम मच गया।
मृतक के भाई ने हत्या कर शव को झाड़ी में फेंके जाने की आशंका जताई है। प्रारंभिक तौर पर जमीन की खरीद-बिक्री से जुड़े विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच के बाद ही हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
