रविवार, 8 नवंबर 2026 LIVE Daily Breakings — खबर सबसे पहले
ताजा और भरोसेमंद खबरें
ब्रेकिंग

JEE Main 2027: दोबारा फॉर्म भरने का मौका, 22 नवंबर तक

JEE Main 2027 सेशन-1 के लिए आवेदन 22 नवंबर तक, परीक्षा 20 से 28 जनवरी के बीच। फीस, योग्यता, बिहार के परीक्षा शहर, मार्किंग स्कीम और आवेदन का तरीका जानें।

6 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें
JEE Main 2027 सेशन-1 आवेदन शुरू, अंतिम तिथि 22 नवंबर की न्यूज़ ग्राफिक
ग्राफिक: Daily Breakings | स्रोत: NTA आधिकारिक नोटिस

खबर: अनीता चौधरीसंपादन व प्रकाशन: धीरज श्रीवास्तव

अपडेट (30 अक्टूबर 2026, रात): NTA ने 30 अक्टूबर 2026 के सार्वजनिक नोटिस में साफ किया है कि जिन छात्रों से JEE (Main) 2027 सेशन-1 का फॉर्म भरते समय गलती हो गई है, वे नया आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, भले ही पहले आवेदन नंबर बन गया हो या फीस जमा हो चुकी हो। केवल वही आखिरी फॉर्म मान्य होगा जिसकी फीस सफलतापूर्वक जमा हुई हो और कन्फर्मेशन पेज बना हो। नए फॉर्म पर नया आवेदन नंबर मिलेगा और फोटो, हस्ताक्षर व दस्तावेज दोबारा अपलोड करने होंगे।

नया फॉर्म फीस समेत 22 नवंबर 2026 रात 11:50 बजे तक (लेट फीस के साथ 23 से 26 नवंबर तक) भरना होगा। पुराने फॉर्म की फीस न लौटाई जाएगी, न नए फॉर्म में जोड़ी जाएगी। जिन्हें सिर्फ कुछ विवरण बदलने हैं, वे 27 से 29 नवंबर 2026 की सुधार सुविधा का इस्तेमाल करें। एक सेशन में एक से ज्यादा आवेदन नंबर से परीक्षा देने या देने की कोशिश को अनुचित साधन (UFM) माना जाएगा, लेकिन सिर्फ एक से ज्यादा आवेदन नंबर होना UFM नहीं है। NTA का 30.10.2026 का नोटिस

नई दिल्ली/मोतिहारी: इंजीनियरिंग में दाखिले की तैयारी कर रहे इंटर के छात्रों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा JEE (Main) 2027 सेशन-1 के ऑनलाइन आवेदन शुरू कर दिए हैं। 24 अक्टूबर 2026 के सार्वजनिक नोटिस के अनुसार आवेदन और फीस भुगतान की अंतिम तिथि 22 नवंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) है। सेशन-1 की परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को होगी।

JEE Main का पेपर-1 NIT, IIIT, केंद्र से वित्तपोषित तकनीकी संस्थानों और कई राज्यों के कॉलेजों में B.E./B.Tech दाखिले के लिए होता है। यही परीक्षा IIT की प्रवेश परीक्षा JEE Advanced की पात्रता भी तय करती है। पेपर-2A से B.Arch और पेपर-2B से B.Planning में दाखिला होता है। 2027-28 सत्र के लिए परीक्षा दो सेशन में होगी, जनवरी और अप्रैल 2027 में।

JEE Main 2027 सेशन-1: जरूरी तारीखें

ऑनलाइन आवेदन 24 अक्टूबर से 22 नवंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक)
लेट फीस के साथ आवेदन 23 से 26 नवंबर 2026 (₹500 अतिरिक्त)
फॉर्म में सुधार 27 से 29 नवंबर 2026
परीक्षा शहर की सूचना 30 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड 13 जनवरी 2027
परीक्षा 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027
शिफ्ट सुबह 9 से 12 बजे और दोपहर 3 से 6 बजे (B.Arch और B.Planning दोनों देने वालों के लिए 30 मिनट ज्यादा)

सूचना बुलेटिन के अनुसार सेशन-2 के आवेदन 5 जनवरी से 3 फरवरी 2027 तक होंगे और परीक्षा 2 से 7 अप्रैल 2027 के बीच होगी। सेशन-1 का आवेदन नंबर सेशन-2 में भी इस्तेमाल किया जा सकेगा।

आवेदन शुल्क और योग्यता

एक पेपर (B.E./B.Tech या B.Arch या B.Planning) के लिए भारत में परीक्षा केंद्र चुनने पर फीस इस प्रकार है:

  • सामान्य वर्ग: छात्र ₹1000, छात्रा ₹800
  • सामान्य-EWS / OBC (NCL): छात्र ₹900, छात्रा ₹800
  • SC / ST / दिव्यांग / थर्ड जेंडर: ₹500
  • दो पेपर (जैसे B.Tech और B.Arch): सामान्य/EWS/OBC छात्र ₹2000, छात्रा ₹1600; SC/ST/दिव्यांग/थर्ड जेंडर ₹1000

योग्यता: JEE Main 2027 के लिए कोई उम्र सीमा नहीं है। जो छात्र 2025 या 2026 में इंटर (12वीं) पास कर चुके हैं या 2027 में 12वीं की परीक्षा देंगे, वे आवेदन कर सकते हैं। 2024 या उससे पहले 12वीं पास करने वाले इस बार पात्र नहीं हैं। दाखिले के समय संस्थानों की अपनी उम्र या अंक संबंधी शर्तें लागू हो सकती हैं।

परीक्षा पैटर्न, भाषा और बिहार के परीक्षा शहर

पेपर-1 में गणित, भौतिकी और रसायन, हर विषय से सेक्शन-A के 20 बहुविकल्पीय और सेक्शन-B के 5 संख्यात्मक प्रश्न, कुल 75 प्रश्न होंगे। सही उत्तर पर +4 अंक और गलत उत्तर पर -1 अंक कटेगा, यह नियम दोनों सेक्शन पर लागू है। B.Arch का ड्राइंग टेस्ट A4 ड्राइंग शीट पर कागज-कलम से होगा, बाकी परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) है। परीक्षा हिंदी, अंग्रेजी और उर्दू समेत 13 भाषाओं में होगी।

बुलेटिन की सूची में बिहार के 11 परीक्षा शहर हैं: आरा, औरंगाबाद, भागलपुर, बिहारशरीफ, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, समस्तीपुर और सासाराम। इस सूची में मोतिहारी और बेतिया का नाम नहीं है, इसलिए पूर्वी और पश्चिमी चंपारण के छात्र अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी शहर चुनें।

आवेदन कैसे करें, NTA की सलाह

  1. सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर ऑनलाइन आवेदन करें, दूसरा कोई तरीका मान्य नहीं है।
  2. NTA के 28 अक्टूबर के नोटिस के अनुसार अपने DigiLocker/JanParichay/e-Pramaan (MeriPehchaan) खाते से लॉग-इन करें और फॉर्म भरने से पहले DigiLocker में Re-KYC कर लें।
  3. नाम और जन्मतिथि वही भरें जो 10वीं के प्रमाणपत्र/मार्कशीट में है।
  4. गलती होने पर नया फॉर्म भरा जा सकता है (30 अक्टूबर का नोटिस), लेकिन सिर्फ आखिरी फीस-भुगतान वाला फॉर्म मान्य होगा। एक से ज्यादा आवेदन नंबर से परीक्षा देने की कोशिश पर UFM की कार्रवाई होगी।
  5. ईमेल और मोबाइल नंबर अपना या माता-पिता का ही दें, क्योंकि सारी सूचना इन्हीं पर आएगी।

मदद के लिए हेल्पलाइन 011-40759000 / 011-69227700 या ईमेल jeemain@nta.ac.in पर संपर्क करें।

आधिकारिक लिंक: आवेदन का नोटिस (24.10.2026) | दोबारा फॉर्म भरने संबंधी नोटिस (30.10.2026) | सूचना बुलेटिन

📢 ताज़ा खबरें सीधे WhatsApp परWhatsApp चैनल से जुड़ें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQ)

प्रश्न: JEE Main 2027 सेशन-1 के आवेदन की अंतिम तिथि क्या है?
उत्तर: 22 नवंबर 2026, रात 11:50 बजे तक। लेट फीस के साथ 26 नवंबर तक।

प्रश्न: परीक्षा कब होगी?
उत्तर: 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी 2027 को। एडमिट कार्ड 13 जनवरी को आएगा।

प्रश्न: क्या उम्र सीमा है?
उत्तर: नहीं। 2025, 2026 में 12वीं पास या 2027 में परीक्षा देने वाले छात्र पात्र हैं।

प्रश्न: क्या नेगेटिव मार्किंग है?
उत्तर: हां, गलत उत्तर पर 1 अंक कटेगा।

प्रश्न: कितनी सीटें हैं?
उत्तर: यह प्रवेश परीक्षा है, सीटों की संख्या अधिसूचना में उल्लेख नहीं।

ये भी पढ़ें:

नौकरी और परीक्षा की सभी खबरें: रोजी रोजगार

स्रोत: NTA आधिकारिक अधिसूचना व सूचना बुलेटिन

About The Author

Share: WhatsApp Facebook X Telegram
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को IT नियम 2021 के नियम 18 के तहत जानकारी प्रदान की गई है | Information furnished to MIB under Rule 18, IT Rules 2021
📱

Daily Breakings App

खबरों से हमेशा जुड़े रहें

अब Daily Breakings की खबरें अपने मोबाइल पर और भी आसानी से पढ़ें।

⬇️ अभी App डाउनलोड करें

✓ आधिकारिक Daily Breakings App