कोटवा, डुमरियाघाट और संग्रामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पुलिस को देखकर गन्ने के खेत के रास्ते फरार हुए तस्कर।
शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के क्रम में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष अभियान में पुलिस ने काले रंग की महिंद्रा थार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR 05 BU 3412) से 20 कार्टन में रखी करीब 180 लीटर विदेशी शराब बरामद की है।
इस ऑपरेशन को कोटवा थानाध्यक्ष मुकेश कुमार और डुमरियाघाट थानाध्यक्ष विवेक विमलेन्दु के नेतृत्व व आपसी समन्वय के साथ-साथ संग्रामपुर पुलिस के सहयोग से अंजाम दिया गया। पुलिस टीम को चकमा देने के लिए तस्कर लग्जरी गाड़ी का सहारा ले रहे थे। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी देखकर तस्कर गाड़ी को छोड़कर पानी भरे और गन्ने के खेतों का फायदा उठाते हुए मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने अवैध शराब लदी थार गाड़ी को जब्त कर लिया है और फरार धंधेबाजों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सम्भावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

