छतौनी थाना क्षेत्र के पुराने रहमानिया अस्पताल के पास हुई वारदात, 10 दिन पहले दिल्ली से मोतिहारी आया था मृतक राजन कुमार
बिहार के मोतिहारी में छतौनी थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराने रहमानिया निजी अस्पताल के पास बुधवार की रात एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान छतौनी थाना क्षेत्र के बड़ा बरियारपुर निवासी विजय सहनी के पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजन का परिवार दिल्ली में रहकर काम करता है और वह करीब 10 दिन पहले ही दिल्ली से मोतिहारी आया था। बुधवार को वह मोतिहारी शहर में आयोजित एक सेवा शिविर में सेवा कार्य के लिए गया था। इसी दौरान पुराने रहमानिया अस्पताल के पास हमलावरों ने उस पर चाकू से वार कर दिया। चाकू सीने में लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही छतौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। छतौनी थाना के पुलिस निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि राजन को चाकू मारकर घायल किया गया था, जिसके बाद इलाज के क्रम में उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस पुराने विवाद समेत सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है।

