शनिवार, 7 नवंबर 2026 LIVE Daily Breakings — खबर सबसे पहले
ताजा और भरोसेमंद खबरें
ब्रेकिंग

Motihari Breaking: 394 पंचायतों में गूंजा विकास का संकल्प, पंचायत विकास दिवस पर महिलाओं ने संभाली ग्राम सभा की कमान

4 मिनट पढ़ने का समय
शेयर करें
Motihari Breaking: 394 पंचायतों में गूंजा विकास का संकल्प, पंचायत विकास दिवस पर महिलाओं ने संभाली ग्राम सभा की कमान

खबर व संपादन: धीरज श्रीवास्तव

मोतिहारी. राज्य सरकार के निर्देश पर रविवार को पूर्वी चंपारण जिले की सभी 394 पंचायतों में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रत्येक पंचायत में ग्राम सभा की बैठक आयोजित कर विकास योजनाओं पर चर्चा की गई। चकिया प्रखंड के रामगढ़ महुआवा पंचायत सरकार भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में जिले के प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक, जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव, जिला पंचायत राज पदाधिकारी राम जनम पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी शिवानी शुभम सहित कई अधिकारी शामिल हुए। ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया कबीर खातून ने की।

हर महीने के अंतिम रविवार को होगी ग्राम सभा

प्रभारी सचिव शीर्षत कपिल अशोक ने कहा कि राज्य सरकार पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को पंचायत विकास दिवस मनाया जाएगा और इसी दिन ग्राम सभा में विकास योजनाओं का चयन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पंचायतों के सतत विकास के लिए 17 प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं। इनमें पहली थीम महिला हितैषी ग्राम पंचायत है। उन्होंने ग्राम सभा में महिलाओं की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे महिलाओं की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी और महिला सशक्तीकरण को नई गति मिलेगी।

योजनाओं का निर्णय जनता करेगी : प्रभारी सचिव

प्रभारी सचिव ने कहा कि पंचायत के विकास की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं बल्कि आम लोगों की भी है। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का चयन ग्रामीण स्वयं करें। प्रशासन केवल मार्गदर्शन कर सकता है, अंतिम निर्णय ग्राम सभा का होगा।

पंचायत मजबूत होगी तो राज्य और देश भी होगा समृद्ध : डीएम

जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने कहा कि अब पंचायतों के विकास के लिए राशि सीधे पंचायत के खाते में भेजी जाती है। पंचायत जितनी मजबूत और समृद्ध होगी, राज्य और देश भी उतना ही आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से लोगों की भागीदारी बढ़ेगी तथा योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी। जिला प्रशासन पंचायतों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग करेगा।

45 लाख की राशि से कराए गए विकास कार्य

ग्राम सभा के दौरान पंचायत सचिव ने वर्ष 2025-26 का वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि पंचायत को विकास मद में 45 लाख रुपये प्राप्त हुए थे, जिनमें से 22 लाख रुपये खर्च कर 15 विकास योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। शेष 23 लाख रुपये से अन्य योजनाओं पर कार्य जारी है।

इस राशि से पंचायत सरकार भवन में पुस्तकालय की स्थापना, छठ घाट निर्माण, सड़क एवं पीसीसी निर्माण, विद्यालयों की चारदीवारी तथा सोलर लाइट लगाने जैसे विकास कार्य कराए गए हैं। ग्राम सभा में उपमुखिया, सरपंच, सभी 14 वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

प्रभात फेरी से दिया नशामुक्त समाज का संदेश

पंचायत विकास दिवस के अवसर पर जिले की कई पंचायतों में जीविका दीदियों ने प्रभात फेरी निकालकर ग्रामीणों को नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर उन्होंने शराबबंदी के समर्थन में लोगों को जागरूक किया और मद्यपान से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में भी उमड़ी भागीदारी

प्रभात फेरी के बाद सभी पंचायतों में प्रधानमंत्री के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण किया गया। इसमें पंचायत प्रतिनिधियों, सरकारी अधिकारियों, जीविका दीदियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की गई तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर बल दिया गया।

इस दौरान पंचायत स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, जनभागीदारी बढ़ाने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। जीविका दीदियों ने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, नशामुक्त समाज के निर्माण तथा पंचायतों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।

About The Author

Share: WhatsApp Facebook X Telegram
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को IT नियम 2021 के नियम 18 के तहत जानकारी प्रदान की गई है | Information furnished to MIB under Rule 18, IT Rules 2021
📱

Daily Breakings App

खबरों से हमेशा जुड़े रहें

अब Daily Breakings की खबरें अपने मोबाइल पर और भी आसानी से पढ़ें।

⬇️ अभी App डाउनलोड करें

✓ आधिकारिक Daily Breakings App