मोतिहारी. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर बंजरिया पंडाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय प्रजापति आश्रम में गुरुवार को केक काटकर उनका जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के दीर्घायु, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया और संगठन को मजबूत बनाने तथा जनहित के मुद्दों पर लगातार संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मोतिहारी कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी के विचार, सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता देश के युवाओं एवं कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आम जनता के अधिकारों के लिए राहुल गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
जन्मदिन समारोह के उपरांत कांग्रेस कार्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रकार के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मोतिहारी कांग्रेस अध्यक्ष प्रो. अखिलेश दयाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनवर आलम अंसारी, मुनमुन जायसवाल, देशबंधु तिवारी, गुंजन मिश्रा, राहुल शर्मा, दिलनवाज रशीद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
