सुगौली, 1 मई 2025: पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने गुरुवार को सुगौली थाना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर में आम जनता के लिए बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि थाने में आने वाले लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था और शुद्ध पेयजल की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने ऑडी रजिस्टर सहित विभिन्न कांडों की फाइलों का अवलोकन किया और थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह तथा अंचल निरीक्षक अशोक पांडेय को कई दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आम जनता को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। एसपी ने देखा कि कई बार थाने आने वाले लोग सीधे थानाध्यक्ष या ऑडी ऑफिसर तक नहीं पहुंच पाते और दलालों या चौकीदारों के चक्कर में पड़ जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए एसपी ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया कि थाना परिसर में एक बोर्ड लगाया जाए, जिसमें ऑडी ऑफिसर और थानाध्यक्ष का नाम स्पष्ट रूप से अंकित हो। इससे जनता को यह आसानी से पता चल सकेगा कि उन्हें किससे संपर्क करना है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को बिचौलियों या अन्य पुलिस कर्मियों से मिलने की जरूरत नहीं है। आम जनता सीधे ऑडी डेस्क पर मौजूद पदाधिकारी से मिले, और ऑडी डेस्क पर बैठे ऑफिसर का नाम बोर्ड पर अनिवार्य रूप से लिखा होना चाहिए।
एसपी ने कहा, “थाने में आने वाले लोगों को बिना किसी परेशानी के उनकी शिकायत दर्ज कराने का मौका मिलना चाहिए। अगर थानाध्यक्ष मौजूद नहीं हैं, तो ऑडी ऑफिसर से संपर्क करें।” उन्होंने कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। स्थानीय लोगों ने एसपी की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे थाना स्तर पर जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।
