मोतिहारी में शिक्षक संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री और राजद नेता पर तंज, जातीय राजनीति पर भी उठाए सवाल
मोतिहारी: जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद नेता तेजस्वी यादव की शैक्षणिक योग्यता को लेकर तंज कसा। सोमवार की शाम शहर के एक होटल में आयोजित शिक्षक संवाद कार्यक्रम में उन्होंने कहा, “एक ओर है सातवीं फेल सम्राट चौधरी, एक ओर है पांचवीं फेल तेजस्वी यादव और एक ओर है प्रशांत किशोर। अब आपको सोचना है कि वोट किसको देंगे।”
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में जाति के आधार पर होने वाली राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पटना की नीट छात्रा और दिल्ली में गोली मारे गए पांडव कुमार के मामलों का उल्लेख करते हुए पूछा कि जातीय पहचान के बावजूद पीड़ितों को न्याय कहां मिल सका। उन्होंने नीट छात्रा को भूमिहार और पांडव कुमार को कुशवाहा समाज से बताते हुए जातीय गोलबंदी की राजनीति पर सवाल खड़े किए। पांडव कुमार के मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का भी उल्लेख किया।
जाति और पार्टी से ऊपर उठने की अपील
शिक्षकों की समस्याओं, सातवें वेतनमान और वित्तरहित शिक्षकों के मुद्दों पर आयोजित कार्यक्रम में प्रशांत किशोर ने कहा कि शिक्षक सामान्य दिनों में अपनी मांगों को लेकर एकजुट रहते हैं, लेकिन मतदान के समय जाति और पार्टी के आधार पर बंट जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस परिपाटी को बदलने की जरूरत है।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके शासन में उर्दू शिक्षकों का कल्याण संभव नहीं है। वित्तरहित शिक्षकों की स्थिति भी ऐसी ही है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को नुकसान होने के बावजूद उनका वोट एनडीए के पक्ष में चला जाता है।
सातवें वेतनमान के लिए 10 हजार करोड़ की जरूरत
प्रशांत किशोर ने कहा कि सातवें वेतनमान और वित्तरहित शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए कम से कम 10 हजार करोड़ रुपये की जरूरत होगी। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक एकजुट होकर अपनी मांग उठाएं तो केंद्र सरकार इस दिशा में तुरंत निर्णय ले सकती है।
उन्होंने आने वाले दिनों में प्रखंड स्तर तक जाकर दो लाख शिक्षकों से मिलने की योजना भी बताई। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम को सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अशफाक अहमद ने भी संबोधित किया। मौके पर प्रदेश कोर कमेटी के सदस्य अजय द्विवेदी, अरुण तिवारी, वीर प्रसाद महतो, जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह बेरूआर, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डा. अतुल कुमार, अजय कुमार आजाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित थे।
About The Author
ShriGanesh Kundli · HELIOXEN TECHNOLOGIES







