विशेष रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने मानिकपुर पोखरा के पास से संग्रामपुर के मंटू कुमार को किया गिरफ्तार।
हरसिद्धि थाना पुलिस ने विशेष रात्रि गश्ती के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक चोरी की बाइक पर पुरानी मोटरसाइकिल का पंजीयन और चेचिस नंबर इस्तेमाल कर रहा था। इसके अलावा बाइक का इंजन नंबर भी मिटाकर अस्पष्ट कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी की पहचान संग्रामपुर थाना क्षेत्र के घोसियार बाजार वार्ड नंबर-5 निवासी योगेंद्र दास के 24 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की रात मानिकपुर पोखरा के पास एक संदिग्ध युवक के मोटरसाइकिल के साथ घूमने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मंटू कुमार को रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह बाइक के संबंध में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही बाइक के कोई वैध दस्तावेज पेश कर पाया।
पुलिस ने जब बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर BR05C7669 की जांच की तो वह वर्ष 2006 में पंजीकृत बाइक का निकला। वहीं, मौके पर मिली बाइक का इंजन और अन्य पार्ट नए लगे हुए थे। गहनता से जांच करने पर बाइक का इंजन नंबर मिटाया हुआ पाया गया। पुलिस की सख्ती के बाद मंटू कुमार ने स्वीकार किया कि बाइक में चोरी के इंजन और पार्ट लगाए गए हैं और वह पुरानी बाइक के चेचिस व पंजीयन नंबर का उपयोग कर रहा था।
पुलिस ने बाइक को जब्त करते हुए आरोपी मंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार के स्वलिखित बयान के आधार पर मामले में बीएनएस की धारा 317(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जब्त बाइक का चेचिस नंबर 06E16C34604 है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार युवक से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब बाइक के वास्तविक मालिक और चोरी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

