कोटवा थाना क्षेत्र के निवासी शिवम कुमार को पुलिस ने संविधान के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शिवम को हिरासत में लिया। एसपी ने कहा, “सोशल मीडिया पर पुलिस की कड़ी नजर है। अश्लील, अपमानजनक या कानून के खिलाफ किसी भी तरह के पोस्ट पर तुरंत सख्त एक्शन लिया जाएगा।” उन्होंने आगे बताया कि अश्लीलता के खिलाफ चल रही पुलिस की विशेष मुहिम के तहत मंगलवार को भी एक सोशल मीडिया क्रिएटर पर अश्लील कंटेंट परोसने के मामले में साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि बाद में उक्त क्रिएटर ने साइबर थाना में पहुंचकर सार्वजनिक रूप से अपनी गलती के लिए माफी मांग ली थी। साथ ही पुलिस के सामने उसने आगे से ऐसी गलती नहीं करने का भी वादा किया। एसपी ने कहा है कि अभियान के जरिए सोशल मीडिया पर अनुचित सामग्री को रोकने और समाज में नैतिकता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में अश्लील कंटेंट परोसने वाले पुरुष हो या महिला कोई ढील नहीं बरती जाएगी और कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
