पटना। बिहार के चर्चित यूट्यूबर और राजनीतिक चेहरे मनीष कश्यप इन दिनों लगातार सुर्खियों में हैं। कभी रियलिटी शो में अपनी मौजूदगी को लेकर, कभी अपनी लव स्टोरी और शादी की चर्चाओं को लेकर तो कभी मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात को लेकर। अब उनके फेसबुक पेज की एक ऐसी गतिविधि सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया पर अलग ही कौतूहल पैदा कर दिया है।
दरअसल, करीब 30 लाख फॉलोअर्स वाले मनीष कश्यप के फेसबुक पेज ‘Sach Talks’ की फॉलोइंग लिस्ट चर्चा का विषय बन गई है। इस पेज से फिलहाल करीब 25 अकाउंट को फॉलो किया जा रहा है। इनमें भारत के राष्ट्रपति, बिहार के मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत कई बड़े राजनीतिक और सार्वजनिक चेहरे शामिल हैं। लेकिन इन तमाम चर्चित नामों के बीच एक XXX कैटेगरी के पेज ‘xxxxxc4’ को भी फॉलो किया जा रहा है।
अब सवाल यही है कि आखिर राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे बड़े चेहरों के बीच इस XXX पेज को जगह क्यों मिली हुई है? करीब 30 लाख लोगों तक पहुंच रखने वाले पेज की फॉलोइंग लिस्ट में इस तरह के अकाउंट की मौजूदगी ने लोगों की उत्सुकता बढ़ा दी है। क्या यह जानबूझकर किया गया फॉलो है या फिर इसके पीछे कोई दूसरी वजह है? फिलहाल इसकी कोई आधिकारिक सफाई सामने नहीं आई है।
Rise & Fall शो से फिर मिली चर्चा
मनीष कश्यप की चर्चा का सिलसिला हाल के दिनों में रियलिटी शो ‘Rise & Fall’ से भी जुड़ा रहा। शो में उनकी मौजूदगी और वहां के अनुभवों ने उन्हें एक बार फिर बिहार के बाहर भी चर्चा में ला दिया। शो से लौटने के बाद उनकी गतिविधियों पर सोशल मीडिया यूजर्स की नजर बनी हुई है।
शादी की खबरों ने भी बटोरी सुर्खियां
इधर मनीष कश्यप की निजी जिंदगी भी इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने अनुष्का शर्मा के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया है। दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे हैं। शादी को लेकर भी दोनों ने अगले साल यानी 2027 की योजना का संकेत दिया है। ऐसे में मनीष कश्यप की निजी जिंदगी से जुड़ी खबरें भी लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं।
सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद सियासी चर्चा
इन सबके बीच 12 नवंबर को मनीष कश्यप अपनी होने वाली पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिलने पहुंचे। दोनों ने मुख्यमंत्री को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। मनीष कश्यप ने मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया।
हालांकि, इस मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मनीष कश्यप पहले भाजपा से जुड़े रहे हैं और बाद में प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी के साथ उनकी राजनीतिक पारी सामने आई। ऐसे में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से उनकी मुलाकात को कुछ लोग उनके पुराने राजनीतिक संबंधों और संभावित भविष्य के समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं। भाजपा में वापसी को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस मुलाकात को लेकर मनीष कश्यप की ओर से किसी राजनीतिक बदलाव या नई राजनीतिक पारी की घोषणा नहीं की गई है।
एक तरफ बड़े चेहरे, दूसरी तरफ XXX पेज!
अब जब मनीष कश्यप शो, शादी और सियासी मुलाकात को लेकर पहले से ही चर्चा में हैं, ऐसे में उनके फेसबुक पेज Sach Talks की फॉलोइंग लिस्ट का यह मामला भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। करीब 25 अकाउंट की सूची में देश के राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री जैसे बड़े नामों के साथ XXX कैटेगरी के पेज की मौजूदगी आखिर किस वजह से है, यह सवाल दिलचस्प बन गया है।
बहरहाल, किसी अकाउंट को फॉलो करना उसके कंटेंट का समर्थन करने का प्रमाण नहीं है। यह भी संभव है कि इसके पीछे कोई सामान्य या तकनीकी वजह हो। लेकिन सोशल मीडिया पर इस छोटी-सी फॉलोइंग लिस्ट ने एक बड़ा सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि मनीष कश्यप इस पर कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।
