मोतिहारी। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर मोतिहारी केंद्रीय कारा में भी भक्तिमय माहौल बन गया है। जेल में बंद महिला और पुरुष बंदी विधिवत छठ व्रत करेंगे और सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित करेंगे। कारा प्रशासन की ओर से पर्व को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
केंद्रीय कारा प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष जेल में कुल 75 महिला बंदी छठ महापर्व का अनुष्ठान करेंगी। इनमें 52 विचाराधीन और 23 सजायाफ्ता बंदी शामिल हैं। वहीं, 62 पुरुष बंदी भी छठ व्रत करेंगे, जिनमें 45 विचाराधीन तथा 17 सजायाफ्ता बंदी हैं। इस प्रकार कुल 137 बंदी छठ महापर्व में शामिल होंगे।
12 वर्षों से छठ कर रही हैं मुस्लिम महिला बंदी
इस वर्ष छठ महापर्व के अवसर पर एक खास बात भी सामने आई है। केंद्रीय कारा में बंद मुस्लिम महिला बंदी रुकसाना खातून पिछले 12 वर्षों से छठ व्रत करती आ रही हैं। उन्होंने कारा के अंदर पर्व के दौरान 11 बार छठ व्रत किया है, जबकि कारा से बाहर रहने के दौरान मात्र एक बार इस महापर्व का अनुष्ठान किया था।
रुकसाना खातून की आस्था और छठ व्रत के प्रति निरंतरता इस महापर्व की धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता की एक विशेष तस्वीर प्रस्तुत करती है।
बंदियों को नए वस्त्र, पूजन सामग्री और फल उपलब्ध
छठ व्रत करने वाले सभी बंदियों को कारा प्रशासन की ओर से नए वस्त्र, पूजन सामग्री और फल दिए जा रहे हैं। पर्व को लेकर केंद्रीय कारा के अंदर बने तालाब की साफ-सफाई और रंग-रोगन का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही तालाब और आसपास के क्षेत्र में सजावट का कार्य भी किया जा रहा है।
कारा प्रशासन की ओर से बंदियों को छठ महापर्व के अनुष्ठान के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे श्रद्धा और विधि-विधान के साथ सूर्य भगवान को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
छठ महापर्व को लेकर केंद्रीय कारा के अंदर बंदियों के बीच काफी उत्साह है। महिला और पुरुष बंदी पारंपरिक तरीके से छठ पूजा की तैयारियों में जुटे हैं।
