पूर्वी चंपारण के छौड़ादानो थाना क्षेत्र में पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के बड़े मामले का खुलासा किया है। रविवार को ग्राम धरहरी के पास वाहन जांच के दौरान 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। मौके से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 9 नवंबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 नवंबर 2026 को छौड़ादानो थाना क्षेत्र के मधुआवा स्थित एसएसबी की 71वीं वाहिनी को सूचना मिली थी कि कुछ लोगों द्वारा मादक पदार्थ नेपाल से भारत लाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। इसके बाद एसएसबी और पुलिस की टीम ने ग्राम धरहरी के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान एक ई-रिक्शा से 2.050 किलोग्राम अफीम जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इसके बाद वाहन पर सवार तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान छौड़ादानो थाना क्षेत्र के मसही गांव निवासी ताज मोहम्मद के पुत्र फिरोज अहमद और जीतपुर गांव निवासी विनोद चौधरी के पुत्र विपिन कुमार के रूप में हुई है। तीसरे आरोपित की पहचान नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र के पकडि़या (चिकनी) निवासी नंदू साहनी के पुत्र दिलीप कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ के साथ एक ई-रिक्शा और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त अफीम जैसे पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, मामले में कांड दर्ज कर अग्रतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी दल में सदर-रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद, छौड़ादानो थानाध्यक्ष राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक रंजू कुमारी सहित पुलिस और एसएसबी के जवान शामिल थे।
