छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, एसपी ने अभिभावकों को काउंसलिंग के लिए बुलाया।
पूर्वी चंपारण के मेहसी थाना क्षेत्र स्थित बालिका उच्च विद्यालय के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने बुधवार को सघन जांच अभियान चलाया। थानाध्यक्ष शानू गौरव के नेतृत्व में ‘पुलिस दीदी’ और दिवा गश्ती दल ने संयुक्त रूप से छापेमारी कर विद्यालय के पास संदिग्ध स्थिति में घूम रहे नौ युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवकों में चार नाबालिग शामिल हैं।
स्कूल के आने-जाने के समय पुलिस टीम ने विद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ाई थी। इसी दौरान संदिग्ध रूप से मंडरा रहे युवकों को रोककर पूछताछ की गई और फिर उन्हें थाने लाया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार फिलहाल हिरासत में लिए गए सभी युवकों का सत्यापन किया जा रहा है। स्थानीय अभिभावकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को अत्यंत सराहनीय बताया है।
मामले की जानकारी देते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हिरासत में लिए गए चार नाबालिगों के परिजनों को थाने बुलाकर आवश्यक काउंसलिंग की जाएगी। वहीं सत्यापन के दौरान यदि किसी भी युवक की आपत्तिजनक गतिविधि या संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने छात्राओं और अभिभावकों से अपील की है कि स्कूल-कॉलेज के आसपास किसी भी युवक की संदिग्ध गतिविधि या अभद्र व्यवहार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई जारी रखी जा सके।

