– मृतक के दोस्त ध्रुप के खेत में बिजली का करंट लगने से हुई थी टेंपो चालक शिवपूजन की मौत
मोतिहारी के पिपरा थाना क्षेत्र के बेदीबन मधुबन वार्ड नंबर-12 के निवासी टेम्पू चालक शिवपूजन की संदिग्ध मौत के मामले का पिपरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने महज 12 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। इस घटना में संलिप्त मृतक के दोस्त धुरुप महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, धुरुप महतो ने अपने खेत में फसल की सुरक्षा के लिए चारों ओर नग्न बिजली के तार लगाए थे। रात में इन तारों में विद्युत सप्लाई होती थी। घटना वाली रात भी इन तारों में विद्युत प्रवाहित की गई थी। लेकिन धुरुप दिन में तार की लाइन काटना भूल गया। इसी बीच उसने शिवपूजन को फोन कर खेत में बुलाया। जब शिवपूजन उसी रास्ते से गुजर रहा था, तो वह नग्न बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इधर धुरुप जब खेत पर पहुंचा, तो उसने देखा कि शिवपूजन मृत पड़ा था। उसने शव को किसी को बिना बताए वहां से उठाकर झाड़ियों में छिपा दिया और फिर हरसिद्धि चला गया।
शिवपूजन खाना खाकर घर से यह कहकर निकला था कि वह अपने दोस्त धुरुप महतो से मिलने जा रहा है। जब पत्नी ने उसे तीन बजे फोन किया, तो उसका फोन बंद था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जब धुरुप से पूछताछ की गई, तो उसने इंकार कर दिया। इससे पत्नी का शक और भी मजबूत हो गया। ग्रामीणों ने जब झाड़ियों में शव को देखा, तो पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। पुलिस की तत्परता से 12 घंटे में मामले का खुलासा हुआ। धुरुप महतो को शव छिपाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
